कोर्ट परिसर में उखड़ी इंटरलाकिंग सड़क: फोटो अधिवक्ता
रामपुर। कचहरी की ऊबड़-खाबड़ सड़क पर अधिवक्ता देशराज सिंह (35) ठोकर लगने पर गिरकर घायल हो गए। साथी अधिवक्ता उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर के बाद अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य नहीं किया और सड़क मरम्मत की मांग उठाई।
यह मामला जिला न्यायिक परिसर का है। कचहरी परिसर में इंटलाॅकिंग पड़ी हुई है। यहां पर सेमल का भी पेड़ है। इंटरलाकिंग सड़क का कुछ हिस्सा उधड़ चुका है। सोमवार की शाम यहां पर प्रैक्टिस करने वाले पटवाई के गांव लदौरा अधिवक्ता देशराज सिंह कोर्ट परिसर में जा रहे थे। इसी दौरान ऊबड़-खाबड़ इंटरलॉकिंग सड़क पर ठोकर लगकर नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी अधिवक्ता उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद अन्य अधिवक्ता व उनके परिवार के लोग भी पहुंच गए। अधिवक्ताओं ने बार सभागार में शोक सभा का आयोजन कर युवा अधिवक्ता की मौत पर दुख जताया। अधिवक्ताओं ने ऊबड़ खाबड़ इंटरलाकिंग सड़क की मरम्मत न किए जाने पर भी नाराजगी जाहिर की। साथ ही एक सुर में अधिवक्ताओं ने इस मामले में सड़क की मरम्मत कराने की मांग रखी है। शोकसभा की अध्यक्षता सतनाम सिंह मट्टू व संचालन महासचिव कौशलेंद्र सिंह ने किया।