रामपुर। पंचायत चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई और संभावित उम्मीदवार तैयारी में जुट गए हैं। इंटरेनट मीडिया और अधिकारी के पास शिकायतें दर्ज कर लोग ग्राम प्रधानों से उनके कार्यकाल में किए विकास कार्यों का ब्योरा तक मांगने लगे।
चुनाव को देखते हुए एसपी विद्या सागर मिश्र ने सभी सीओ और थाना प्रभारियों को पंचायत चुनाव में शांति व्यवस्था कायम करने के लिए जिम्मेदारी सौंपी है। प्रत्येक सीओ अपने सर्किल में ऐसे गांव की सूची तैयार करेंगे, जहां पहले चुनाव के दौरान बवाल या झगड़ा हुआ हो। साथ ही खून खराबे में शामिल लोगों की सूची भी तैयार करने के आदेश जारी किए है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में गांव की नई सरकार चुनने के लिए सियासी कड़ियां पिरोई जाने लगी हैं। इंटरनेट मीडिया पर न सिर्फ पांच वर्ष में हुए विकास कार्य के बारे में पूछा जाने लगा है। बल्कि भ्रष्टाचार के बहाने में प्रधान को कटघरे में खड़ा करने का प्रयास किया जा रहा है। वक्त के साथ ही पंचायत चुनाव के आयाम भी अब बदल रहे हैं। इंटरनेट मीडिया पर न सिर्फ संवाद का मंच बन गया है बल्कि, गांव से जुड़ी गतिविधियों को लेकर खुलकर सवाल भी उठाए जा रहे हैं। इतना ही नहीं कई गांव में पूर्व प्रधान और मौजूदा प्रधान की रंजिश भी शुरू हो गई है। खुन्नस में कई मुकदमे भी दर्ज हो चुके है।