रामपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद भी जिले में ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य के कई पद रिक्त रह गए हैं। सबसे अधिक पद ग्राम पंचायत सदस्यों के रिक्त हैं। कई ग्राम पंचायतों में सदस्य के पद के लिए नामांकन ही दाखिल नहीं हो पाए थे। इस वजह से जिले की 680 ग्राम पंचायतों में से 200 से अधिक में कोरम पूरा नहीं होने के अभाव में प्रधान कामकाज नहीं संभाल पाए हैं। इन खाली पदों पर चुनाव कराने की अधिसूचना जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ की ओर से जारी कर दी गई है। इसके तहत छह जून को नामांकन होंगे, जबकि 12 जून को मतदान एवं 14 जून को मतगणना होगी। जिले में दो रिक्त ग्राम प्रधान, दो रिक्त बीडीसी एवं 2252 रिक्त ग्राम पंचायत सदस्यों का चुनाव होगा।
अप्रैल माह में ही पंचायत चुनाव संपन्न हुए थे, लेकिन इसके बाद कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में कई लोगों की जान चली गई। इनमें प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं ग्राम पंचायत सदस्यों के कई पद रिक्त हो गए हैं। सिर्फ रामपुर की ही बात की जाए तो ग्राम प्रधान के दो पद रिक्त हैं, जिनमें एक ग्राम पंचायत बिलासपुर विकास खंड की है, जबकि दूसरी ग्राम पंचायत स्वार विकास खंड की है। चमरौआ एवं स्वार विकास खंड के दो क्षेत्र पंचायत सदस्यों के पद रिक्त हैं, जबकि 2252 ग्राम पंचायत सदस्यों के पद रिक्त हैं। इन रिक्त पदों पर चुनाव कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके तहत छह जून को नामांकन होंगे, जबकि इसी दिन नामांकन पत्रों की जांच होगी। सात जून को नामांकन वापसी एवं दोपहर तीन बजे के बाद से चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। 12 जून को मतदान होगी और 14 जून को मतगणना होगी। वहीं, अधिसूचना जारी होने के साथ ही प्रशासन की ओर से चुनाव कराने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।