रामपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए होने वाली मतगणना में चिकित्सा और ऑक्सीजन के पर्याप्त इंतजाम रहेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद जिलाधिकारी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2021 के अन्तर्गत मतगणना की कार्यवाही दो मई को प्रात: आठ बजे से होनी है। मतगणना केंद्रों पर बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं अधिकारी नियुक्त किए जा रहें हैं। इसके अतिरिक्त उम्मीदवार एवं उनके गणना अभिकर्ता भी मतगणना केन्द्रों पर उपस्थित रहेंगे। इस कारण मतगणना केन्द्र पर कोविड-19 संक्रमण के दृष्टिगत आवश्यक चिकित्सीय सुविधाओं की उपलब्धता अति आवश्यक है। लिहाजा, कोविड-19 महामारी संक्रमण के दृष्टिगत जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया है कि मतगणना केंद्रों पर दो मई को मतगणना प्रारंभ होने से मतगणना समाप्ति तक सामान्य बीमारियों एवं कोरोना संक्रमण से सुरक्षा के लिए एक-एक एंबुलेंस (ऑक्सीजन सुविधा सहित) और समुचित मेडिकल स्टाफ व दवाओं सहित तैनात कराना सुनिश्चित करें। मतगणना कार्मिकों के प्रशिक्षण स्थल-मण्डी समिति रामपुर में 26 अप्रैल से 28 अप्रैल तक एक-एक एंबुलेंस समुचित मेडिकल स्टाफ व दवाओं सहित प्रशिक्षण तिथियों में तैनात कराने के साथ ही कोविड-19 संक्रमण के दृष्टिगत प्रत्येक मतगणना केन्द्र पर प्रशिक्षण 26 अप्रैल से 28 अप्रैल तथा मतगणना दो मई को सैनिटाइजेशन कराने की भी व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।