रामपुर। अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन अविनाश चंद्र ने कहा कि पंचायत चुनाव में संभावित प्रत्याशी एवं मतदाता शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। यदि कहीं शांतिभंग होती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वह धमोरा स्थित देव गार्डन में संभ्रांत व्यक्तियों के साथ बैठक में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि आगामी त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2021 अहम है। गांव की संसद का यह चुनाव क्षेत्र के विकास के लिए होता है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति की यह जिम्मेदारी है कि वह चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था कायम कराने में सहयोग प्रदान करे। उन्होंने आचार संहिता के बारे में जानकारी देते हुए उसका पालन करने के लिए अपील की। इसके अतिरिक्त काविड-19 के दृष्टिगत मास्क लगाने, सामाजिक दूरी का पालन करने आदि के संबंध में भी जानकारी दी गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम, अपर पुलिस अधीक्षक संसार सिंह, क्षेत्राधिकारी केमरी ओंकार नाथ शर्मा, थाना प्रभारी शहजादनगर, मिलक, पटवाई आदि मौजूद रहे।