रामपुर। शहर में दौड़ रहे ओवरलोड डंपरों से सड़कें जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। डंपरों की वजह से पानी की पाइपलाइन भी कई जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। जिससे शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ओवरलोड डंपरों के खिलाफ अभियान भी बेअसर नजर आ रहा है।
हाईवे पर दौड़ने वाले ओवरलोड डंपर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की अनदेखी की वजह से शहर की सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे हैं। शहर में जौहर रोड, शौकत अली रोड, स्वार रोड, ज्वाला नगर, राम रहीम पुल, एलआईसी रोड पर प्रतिदिन 100 से 200 डंपर गुजरते हैं। जिसकी वजह से सड़कों में जहां-तहां गहरे-गहरे गड्ढे हो गए हैं। सभी रोड जर्जर हो चुके हैं। शौकत अली रोड, राधा रोड, आगापुर रोड और जौहर अली रोड की हालत ज्यादा खराब है। सड़कों पर गड्ढे हो जाने की वजह से लोगों को दिक्कत हो रही है। लोगों के दुपहिया वाहन तक हिचकोले खाते हुए नजर आ रहे हैं।
डीएम-एसपी आवास के सामने से गुजरते हैं ओवरलोड डंपर
ओवरलोड डंपरों के खिलाफ भले ही परिवहन विभाग अभियान चला रहा हो, लेकिन हकीकत एकदम विपरीत है। प्रतिदिन डीएम-एसपी आवास के सामने से दर्जनों से ज्यादा ओवरलोड डंपर गुजरते हैं। जानकारी होने के बाद भी न तो पुलिस कार्रवाई करती है और न ही परिवहन विभाग।
राधा तिराहे पर तैनात रहती है पिकैट अमर उजाला
राधा रोड तिराहे पर पुलिस की पिकैट तैनात रहती है। भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए पुलिस की ओर से यहां पर बैरीकेडिंग भी लगाई जाती है। यहां ओवरलोडेड वाहन रुकते जरूर हैं, लेकिन कुछ ही देर में डंपर आगे बढ़ जाते हैं।
दो दिन में दो बार भी फट चुकी है पाइप लाइन
एलआईसी रोड से हर रोज सैकड़ों डंपर गुजरते हैं। यही वजह है कि दो दिन के भीतर दो बार चार स्थानों पर पाइपलाइन फट गई। पालिका ने इसे दुरुस्त किया, लेकिन इसके बाद भी फिर से पाइप लाइन फट गई।
एक माह में 40 डंपरों पर की कार्रवाई
परिवहन विभाग की मानें तो एक माह के भीतर 40 डंपरों को सीज करने की कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही सौ से ज्याद वाहनों का चालान किया गया।
-ओवरलोड डंपरों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाता है। परिवहन विभाग लगातार कार्रवाई करता है। आगे भी इसी तरह की कार्रवाई की जाती रहेगी। -होरी लाल, एआरटीओ (एआरटीओ प्रवर्तन)