रामपुर। आभा एप के जरिये मरीजों की पर्चियां बनाने के लिए एक विशेष काउंटर पर दो स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति की गई। सोमवार को 810 मरीजों ने इलाज के लिए पर्चा बनवाया, जिसमें से 770 मरीजों के पर्चे एप से बनाए।
जिला अस्पताल की पहली मंजिल स्थित पंजीकरण केंद्र के पास एक काउंटर की व्यवस्था की गई है,जिसके जरिए मरीजों की पर्चियां बनाई जा रही हैँ। शाम तक स्कैन एंड शेयर सुविधा के जरिये करीब 770 मरीजों ने इस सुविधा का लाभ लिया। हालांकि दूसरी ओर आभा आईडी जेनरेट करने के दौरान पर्चियां बनाने में हुई देरी से मरीजों की लंबी कतारें भी लगी रहीं। जिला अस्पताल में चार पर्ची काउंटरों की व्यवस्था है। आभा एप से पर्चा बनाने के लिए अस्पताल में तैनात स्वास्थ्यकर्मी मुजीबउर्रहमान और सत्यम भाटिया की ड्यूटी लगाई गई है। सीएमएस डाॅ.बीसी सक्सेना का कहना है कि मरीजों की सुविधा के लिए पर्चा काउंटर के पास एक अतिरिक्त काउंटर खोला गया है। पहले मरीज अपने मोबाइल से आभा एप के जरिए पर्चा नहीं बना पाते थे, जिसको देखते हुए दो स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की गई है जो मरीज के मोबाइल से पर्चा बनाने में सहायता करेंगे। संवाद