स्वार। बिलासपुर मार्ग पर पिरानी बाग के सामने दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में शादी के कार्ड बांटने निकले ज्वालापुर गांव निवासी गजपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर आ गई जिसने शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की। मौत की खबर मिलने पर परिजन भी रोते-बिलखते कोतवाली पहुंच गए।
कोतवाली क्षेत्र के रजानगर गांव निवासी जुनैद और अदना बाइक से शाम लगभग साढ़े छह बजे स्वार की ओर आ रहे थे। जैसे ही वह पिरानी के बाग के पास पहुंचे, इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर सवार मसवासी क्षेत्र के ज्वालापुर गांव निवासी गजपाल निवासी और टिंकू सैनी निवासी घोसीपुरा पट्टी थे। दोनों का संबंध जीजा-साले का बताया गया है। दोनों ही शादी के कार्ड बांटने के लिए घर से निकले थे कि दुर्घटना के शिकार हो गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि जगपाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि टिंकू, जुनैद और अदनान को गंभीर हालत में लोगों ने स्वार सीएचसी पहुंचाया। बाद में तीनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
इस बीच दुर्घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस आ गई। उसने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइकें अपने कब्जे में लेली हैं। इस बीच गजपाल के परिजन भी रोते-बिलखते हुए आ गए। मृतक के दो छोटे बच्चे बताए गए हैं। सीओ अतुल कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक का शव पीएम के लिए भेजा गया है जबकि घायलों को हायर सेंटर भेज दिया गया है। अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।