केमरी। चार माह पूर्व बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र से चोरी हुई बाइक के साथ पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान ने बताया कि मंगलवार रात पुलिस पीलाखार नदी के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक केमरी की तरफ से बाइक से आता दिखाई दिया। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो युवक भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने पीछा कर युवक को पकड़ा और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से एक चाकू बरामद किया गया।
पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम थाना भोट के ग्राम रायपुर निवासी हेमराज बताया। साथ ही आरोपी ने बताया कि उसने यह बाइक करीब चार माह पूर्व बिलासपुर स्थित सब्जी मंडी से चुराई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ जिले के अलग अलग थानों में सात मुकदमे दर्ज हैं। संवाद