रामपुर जिले के डूंगरपुर इलाके में लोगों के घरों में घुसकर मारपीट, लूटपाट करने के बाद बुलडोजर चलाकर घरों को ध्वस्त करने के दो आरोपियों अब्दुल्ला परवेज शमसी और इकराम खां को गंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया है कि तत्कालीन मंत्री आजम खां के इशारे पर डूंगरपुर के लोगों के घरों में लूटपाट, मारपीट, फायरिंग करते हुए उनके घरों को तोड़ दिया था।
2016 में डूंगरपुर में आसरा कॉलोनी बनाया जाना था। इसके लिए वहां पर पहले से रहने वाले लोगों के घरों को तोड़ दिया गया था। इस मामले में 2019 में 13 अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जिसमें कई लोगों को आरोपी बनाया गया है। गंज थाना की पुलिस ने रविवार को इन मुकदमों में वांछित चल रहे अब्दुल्ला परवेज और इकराम खां को रजा डिग्री कालेज मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने लूट का कुछ सामान और घटन में प्रयुक्त किया गया तमंचा बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया है कि आसरा कॉलोनी बनाए जाने के लिए यह जमीन तत्कालीन मंत्री आजम खां के कहने पर खाली कराई गई थी।
इस दौरान लूटपाट, मारपीट, फायरिंग करते हुए घरों को तोड़ दिया गया था और उनके सामान को अपने साथ उठाकर ले गए थे। पुलिस का कहना है कि इकराम खां ने यह स्वीकार किया है कि उसने तमंचे से फायर किया था और कुछ आभूषण लूटे थे, जिसे बरामद कर लिया गया है। इ
सके अलावा अब्दुल्ला परवेज शमशी ने पुलिस को कुछ आभूषण बरामद करवाए हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले के अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।