रामपुर। जिले में शाहबाद क्षेत्र के एक कोरोना संक्रमित बुजुर्ग की मुरादाबाद के टीएमयू मेडिकल कॉलेज में बनाए गए कोविड अस्पताल में मौत हो गई है। वहीं, मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने जिले में 33 नए संक्रमितों की पुष्टि की है। इसके साथ ही 27 संक्रमितों ने आइसोलेशन की अवधि पूरी कर ली है।
शाहबाद क्षेत्र की ढकिया ग्राम पंचायत क्षेत्र निवासी 74 साल के बुजुर्ग माह की शुरुआत में कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए थे। हालत बिगड़ने पर उन्हें आठ सितंबर को मुरादाबाद के टीएमयू मेडिकल कॉलेज में बनाए गए कोविड अस्पताल में भर्ती किया गया था। जहां पर सोमवार रात में उनकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को जारी की गई रिपोर्ट में 19 सितंबर की आरटीपीसीआर सैंपल रिपोर्ट में 5, 21 सितंबर को हुए एंटीजन टेस्ट में 22 और जिला अस्पताल और निजी लैब द्वारा छह संक्रमितों की रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करने की जानकारी दी है। कोरोना संक्रमितों में एंटीजन जांच में सर्वाधिक मामले लाइनपार क्षेत्र ज्वालानगर, कृष्णा विहार आदि के साथ आवास विकास कॉलोनी से संबंधित है। इन संक्रमितों में 71 साल के बुजुर्ग से लेकर एक साल का मासूम तक शामिल है।