क्षेत्र में ठंड से एक और वृद्ध की मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, बैंक में सुबह लाइन में लगने के दौरान किसान को ठंड लग गई जिससे उनकी मौत हो गई। परिजनों में कोहराम मच गया है।
केमरी थाना क्षेत्र के ग्राम बिढ़परा निवासी वली मोहम्मद शाह (60) पुत्र अली शाह मंगलवार की सुबह करीब चार बजे कैश के लिए बैंक के बाहर लाइन में लगने के लिए निकले थे। सुबह करीब आठ बजे लोगों ने देखा कि केमरी की बैंक आफ बड़ौदा के बाहर वृद्ध बेहोशी की हालत में पड़े हैं। लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। बेटा अमीर अहमद अपने गांव के प्रधान इदरीश अहमद को साथ लेकर मौके पर पहुंचा। पिता को केमरी के एक डाक्टर को दिखाया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत से उसके घर में कोहराम मच गया।
परिजनों ने गांव ले जाकर उनको सुपुर्द ए खाक कर दिया। अमीर अहमद ने एसडीएम कार्यालय में अपने पिता की ठंड से मौत होने की सूचना दी है। किसान के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। जबकि, एसडीएम डीएस गुप्ता ने ठंड से मरने की जानकारी से इंकार किया है। कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। ज्ञात हो कि केमरी में एक सप्ताह पूर्व ठंड से एक वृद्ध की मौत हो चुकी है।