रामपुर। गंज थाना क्षेत्र में दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार एक वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। साथ ही घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
शाहबाद के मोहल्ला मस्जिद काजी निवासी नन्नी (70) अपने बेटे साबिर हुसैन के साथ नरपत नगर स्थित एक ग्रामीण के घर रिश्तेदारी में गई थी। बुधवार रात को दोनों बाइक पर सवार होकर घर वापस आ रहे थे। इस दौरान गंज थाना क्षेत्र के काशीपुर गांव के पास सामने से आ रही एक अन्य बाइक से भिड़ंत हो गई। हादसे में नन्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साबिर हुसैन और दूसरी बाइक सवार युवक खौद निवासी पप्पू घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।