दढ़ियाल में डीजल लेने को पंप पर लगी लोगों की भीड़।
- फोटो : SWAR
पेट्रोल-डीजल दाम बढ़ने की संभावना के चलते नगर सहित आसपास के पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पंप संचालकों का कहना है कि डिपो से पर्याप्त मात्रा में डीजल नहीं मिलने और अचानक मांग बढ़ने से पंपों पर हर रोज डीजल की बिक्री बाधित हो रही है।
पिछले चार और पांच दिनों से नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के लोग डीजल लेने को पंपों पर उमड़ रहे है। किसान और वाहन चालक दाम बढ़ने से पहले डीजल का स्टॉक करने में लगे हैं, जिससे अचानक पंपों पर डीजल की मांग दोगुनी से भी अधिक हो गई है। काशीपुर मार्ग स्थित पंप पर डीजल नहीं होने से मंगलवार को डीजल की बिक्री बंद रही, जबकि डिपो में गाड़ी नहीं लगने से बुधवार को भी बिक्री बंद रहने की संभावना है। टांडा मार्ग स्थित पंप पर मांग के अनुरूप डीजल नहीं मिलने से पिछले चार दिनों से डीजल की बिक्री बाधित हो रही है। वहीं, टांडा मार्ग पर ग्राम सीकमपुर स्थित पंप पर पिछले चार दिनों में मात्र एक दिन ही डीजल की बिक्री हो सकी है। पंपों पर डीजल खत्म होने से जरूरतमंद वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।