रामपुर। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने सभी उपजिलाधिकारियों व तहसीलदारों के साथ बैठक करके निर्देशित किया कि वे निर्धारित समय में कार्यालय में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का निस्तारण कराएं। साथ ही सप्ताह में तीन दिन तहसील स्तरीय अन्य अधिकारियों के साथ गांवों का भ्रमण करके विभिन्न योजनाओं के तहत कराए गए कार्यों की भौतिक स्थिति का सत्यापन करें। आमजन की समस्याओं के समाधान के साथ ही प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसकी पात्रता के अनुसार योजना का लाभ प्रदान कराएं।
उन्होंने कहा कि तहसील परिसर में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए। साथ ही आमजन की सुविधा के लिए भी जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध हों, ताकि उन्हें तहसील में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। लेखपाल अपने राजस्व क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा भूमि विवाद, वरासत सहित अन्य मामलों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण कराएं। साथ ही सार्वजनिक संपत्तियों के रख रखाव में भी किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी उप जिलाधिकारी नगरीय क्षेत्रों में साफ-सफाई का भी औचक रूप से निरीक्षण करके जायजा लें तथा साफ सफाई, जल निकासी व प्रकाश व्यवस्था में कमी होने पर तत्काल अधिशासी अधिकारी को निर्देशित करके स्थानीय निकाय क्षेत्रों की व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त कराएं। जिलाधिकारी का आमजन की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निस्तारण कराने पर विशेष जोर है। इसके लिए जिलाधिकारी ने जनपद स्तर पर शिकायत निवारण प्रकोष्ठ का भी गठन कराया है, जिस पर कोई भी व्यक्ति फोन करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं या निर्धारित व्हाट्सएप नंबर पर फोटो और अभिलेख सहित शिकायत से संबंधित प्रमाण भी भेज सकते हैं। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम भरत तिवारी एवं नगर मजिस्ट्रेट रामजी मिश्र सहित उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार मौजूद रहे।