रामपुर। पंचायत चुनाव की मतगणना को लेकर प्रेक्षक एवं जिलाधिकारी ने जिले के मतगणना स्थलों का जायजा लिया। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन न होने पर डीएम ने नाराजगी भी जताई। साथ ही कर्मचारियों को निष्पक्ष तरीके से मतगणना करने के निर्देश दिए।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना शुरू होने से पहले ही जिले के आला अधिकारी एक्टिव हो गए। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नामित हुए प्रेक्षक एल वेंक्टेश्वर लू सुबह से ही मतगणना स्थलों का जायजा लेने के लिए निकल गए। उन्होंने सबसे पहले रामपुर मंडी समिति का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने एक एक टेबल पर जाकर जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने सेंट फ्रांसिस स्कूल स्वार, बिलासपुर, मिलक, शाहबाद जाकर मतगणना की स्थिति देखी। कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मतगणना स्थलों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह से पालन किया जाए। वहीं, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने बिलासपुर एवं मिलक मंडी समिति का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रवेश करते हुए ही अधिकारियों को दिशा निर्देश दे दिए। संबंधित उप जिलाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से मतगणना संपन्न कराएं। मतगणना केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह से पालन किया जाए।