जिला एड्स नियंत्रण समिति की ओर से केंद्रीय विद्यालय में नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय, दयावती मोदी एकेडमी और आयुर्जीवनम सेवा समिति की टीम ने भाग लिया। नाटक के माध्यम से एचआईवी के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
इस मौके पर जिला क्षय रोग अधिकारी डा. प्रदीप वार्ष्णेय ने सभी प्रतिभागियों के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि एचआईवी के संक्रमण को रोकने के लिए तीन बातों पर अमल अनिवार्य है। पहला है एड्स की सही जानकारी, दूसरा नशे से दूर रहना और तीसरा असुरक्षित यौन संबंध से दूर रहना।
डा. कुलदीप सिंह चौहान ने कहा कि एचआईवी को लेकर लोग जागरूक तो हो रहे हैं, लेकिन इस दिशा में और काम करने की आवश्यकता है। खासतौर पर युवाओं में संयम का अभाव है, लिहाजा युवा इसको लेकर सतर्क रहें। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में दो हजार रुपये केंद्रीय विद्यालय की टीम को मिला।
दूसरे स्थान पर दयावती मोदी एक़ेडमी की टीम रही, जिसे 15 सौ रुपये का ईनाम मिला। तीसरे स्थान पर आयुर्जीवनम सेवा समिति की टीम रही, जिसे एक हजार रुपये का पुरस्कार मिला। सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिया गया। मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय विद्यालय की प्रिंसिपल हुस्ना बानो मौजूद रहीं।
इस मौके पर डा. शहनाज रहमान, लक्ष्मण शुक्ला, सोनाली मित्रा, फौजिया बेगम, भुवेश पाठक, जुबैर अहमद सहित अन्य कई लोग मौजूद रहे। निर्णायक मंडल में डा. केके मिश्रा, डा. कुलदीप चौहान व फौजिया बेगम शामिल रहीं।