रामपुर। एमएसटी (मासिक यात्रा टिकट) बनवाने की प्रक्रिया अब पूरी तरह ऑनलाइन हो गई है। यात्रियों को अब लंबी कतारों और कागजी दौड़ से मुक्ति मिल गई है। नई व्यवस्था में आधार कार्ड और मोबाइल फोन के जरिये कुछ ही मिनटों में पीवीसी कार्ड प्रारूप की एमएसटी तैयार हो जाएगी।
पहले रामपुर रोडवेज डिपो से महीने में केवल 120 एमएसटी ही जारी हो पाती थीं, लेकिन ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने के बाद अब इसमें वृद्धि होने की उम्मीद है। नौ सितंबर से लागू इस प्रक्रिया में टॉम सॉफ्टवेयर के माध्यम से यात्री की जानकारी भरी जाती है, आधार सत्यापन के लिए मोबाइल पर तीन बार ओटीपी आता है, और उसके बाद एमएसटी जारी कर दी जाती है।
एक और खास बदलाव यह हुआ है कि अब एमएसटी का शुल्क भी पहले से 10 रुपये कम लिया जा रहा है। एआरएम महेंद्र कुमार ने बताया कि इस नई प्रक्रिया से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी और समय की बचत होगी।