मसवासी (रामपुर)। क्षेत्र में तेंदुए की दहशत बरकरार है। बृहस्पतिवार को क्षेत्र के गांव कुंदनपुर में बाइक से घर आ रहे किसान को जंगल में तेंदुआ दिखाई दिया। उसने बाइक दौड़ाकर अपनी जान बचाई। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
गांव करीमपुर में कई दिन से तेंदुआ देखा जा रहा था। जिसके बाद से वन विभाग की टीम तेंदुआ पकड़ने के लिए लगातार कॉबिंग कर रही है, लेकिन तेंदुआ लगातार लोकेशन बदल रहा है और पकड़ में नहीं आ सका है। बृहस्पतिवार शाम धर्मपुर निवासी किसान परमजीत सिंह उर्फ पम्मा कुंदनपुर के खादर स्थित अपने फार्म हाउस से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गन्ने के खेत में तेंदुआ को दिखाई दिया। जिस पर परमजीत सिंह ने बाइक दौड़ा दी और गांव पहुंचकर लोगों को घटना के बारे में बताया। जिससे ग्रामीण भी दहशत में हैं। बीते छह दिन से कोसी नदी किनारे बसे गांवों में तेंदुआ अपनी चहलकदमी कर रहा है। वन विभाग अभी तक तेंदुए की न तो लोकेशन ट्रेस कर पाया है और न ही पिंजरे में शिकार बांधने की अनुमति प्राप्त कर सका है। ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है। वन क्षेत्राधिकारी मुजाहिद हुसैन ने बताया कि विभागीय टीम लगातार प्रयासरत है। अभी तेंदुआ की सही लोकेशन नहीं मिल रही है।
तेंदुए ने फार्म हाउस में कुत्ते को बनाया था निवाला
पिछले सप्ताह तेंदुआ ने करीमपुर निवासी पूर्व प्रधान सरदार हरमेल सिंह उर्फ वीर के भाई किसान बलदेव सिंह के फार्म हाउस में घुसकर पालतू कुत्ते को निवाला बना लिया था। लगभग दो-तीन दिन तक तेंदुआ किसान के फार्म हाउस के आसपास घूमता दिखाई दिया था। बाद में तेंदुआ ने अपनी लोकेशन बदल दी। मंगलवार देर रात तेंदुआ करीमपुर में बंद पड़े स्टोन क्रशर की तरफ दिखाई दिया था। सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी मुजाहिद हुसैन टीम के साथ स्टोन क्रशर सहित आसपास के जंगल में कांबिंग की थी।