रोशनबाग औद्योगिक क्षेत्र में उद्योग की जमीन पर मकान बना लेने वाले 13 उद्यमियों को बिजली विभाग ने नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। जवाब देने के लिए शनिवार तक का समय दिया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं होने पर बिजली कनेक्शन काटा जा सकता है।
गौरतलब है कि रोशनबाग और अजीतपुर औद्योगिक क्षेत्र में उद्योग विभाग की ओर से उद्यमियों को प्लाट आवंटित किए गए थे। ये प्लाट उद्योग लगाने के लिए दिए गए थे। आरोप है कि कई उद्यमियों ने यहां उद्योग लगाने की बजाय आवास बना लिए हैं। इस मुद्दे को लेकर कई संगठनों ने नगर विकास मंत्री आजम खां को ज्ञापन सौंपा था। आजम खां ने जांच के आदेश दे दिए थे।
इसके बाद उद्योग विभाग की ओर से रोशनबाग के उद्यमियों को नोटिस दिए गए थे। कई उद्यमियों के जवाब संतोषजनक नहीं थे। जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त अनुज कुमार ने रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज दी थी। इस मामले में कार्रवाई न होने पर आजम खां ने प्रमुख सचिव उद्योग को पत्र लिखकर नाराजगी जताई थी। औद्योगिक क्षेत्र में उद्योग लगाने की बजाए आवास बना लिए जाने के मामले में कार्रवाई की बात कही थी। ये भी कहा था कि रोशनबाग में जो अवैध निर्माण किए गए हैं उसे ध्वस्त कर दिया जाए।
प्रमुख सचिव उद्योग ने इस मामले में मंडलायुक्त को पत्र भेजा था।
अब बिजली विभाग की ओर से 13 उद्यमियों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है। नोटिस का जवाब उनसे शनिवार तक मांगा गया है। अधिकारियों के मुताबिक जवाब संतोषजनक नहीं होने पर एक-दो दिन के अंदर उनके बिजली का कनेक्शन काटा जा सकता है।