रामपुर। पुलिस लाइन में सादा कपड़ों में शस्त्र लेकर घूम रहे एक सिपाही को दूसरे सिपाही ने ड्यूटी टाइम से करने को लेकर टोक दिया। जिस पर सिपाही गुस्सा गया और टोकने वाले सिपाही से भिड़ गया। इसके बाद प्रतिसार निरीक्षक (आरआई) ने मामले की रिपोर्ट एसपी को भेजी। जिसमें शस्त्र लेकर घूमने वाले सिपाही के शराब के नशे में होने की आशंका भी जताई गई। बाद में एसपी ने शस्त्र लेकर घूम रहे और दूसरे सिपाही के टोकने पर लड़ने वाले सिपाही को निलंबित कर दिया।मंगलवार रात को पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी रिंकू सिंह हाथ में शस्त्र लेकर पुलिस लाइन में घूम रहा था। बताया जाता है कि इस दौरान वो नशे में था। रिंकू सिंह से एक हेड कांस्टेबल ने समय से ड्यूटी पर जाने की बात कह दी। इसको लेकर ही दोनों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट होने लगी। शोर शराबा सुनकर पुलिस लाइन के बाकी पुलिस कर्मी मौके पर आ गए। दोनों का बीच-बचाव कराया। इस बीच पुलिस लाइन में अफरा तफरी का माहौल रहा। मारपीट में आरक्षी रिंकू सिंह घायल भी हो गया। पुलिस कर्मियों ने घायल रिंकू को उपचार और मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। आरआई रकम सिंह ने बताया कि सिपाही नशे की हालत में शस्त्र लेकर घूम रहा था। उसने डयूटी टाइम पर न जाने को लेकर हेड कांस्टेबल के साथ मारपीट की है। रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को भेज दी है। वहीं, पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम ने बताया कि आरक्षी रिंकू सिंह को निलंबित कर दिया है।