रामपुर। गोरखपुर कांड की जांच पुलिस से हटाकर एसटीएफ को सौंप दी गई है। एसटीएफ ने जांच अपने हाथ में ले ली है। एसटीएफ की टीम ने सोमवार को भी रामपुर पहुंचकर आवश्यक दस्तावेज जुटाए।
इसके बाद टीम वापस लौट गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक एसटीएफ जुबैर और उसके गैंग से संबंधित जानकारी लेने रामपुर पहुंची थी। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि गोरखपुर वाले मामले की जांच एसटीएफ कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गोरखपुर कांड का मुख्य आरोपी जुबैर अपने साथी बहाव के साथ मिलकर पुलिस की मुखबिरी भी करता था। मुखबिरी के जरिये उसने गोरखपुर समेत कई इलाकों में सक्रिय बदमाशों को पकड़वाया था लेकिन जब दीपक की हत्या का मामला सामने आया तो जुबैर पुलिस के निशाने पर आ गया। पुलिस ने जुबैर का तो एनकाउंटर कर दिया,लेकिन उसका साथी वहाब अभी फरार बताया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जुबैर के साथी वहाब की तलाश में एसटीएफ लखनऊ की टीम पश्चिम से लेकर पूर्वी जिलों तक दबिश दे रही है। उसके नेपाल भाग जाने की आशंका जताई जा रही है। संवाद