रामपुर। शनिवार को गृह मंत्रालय की ओर से लॉकडाउन को लेकर एक और एडवाइजरी जारी की गई, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों समेत अन्य स्थानों पर दुकानें खोले जाने की सशर्त रियायत दी गई। लेकिन, रामपुर में कोरोना संक्रमितों की संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने लॉकडाउन में किसी भी प्रकार की ढील देने से इंकार कर दिया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि रामपुर में लॉकडाउन में किसी प्रकार की छूट नहीं है और पूर्व की भांति सभी दुकानें बंद रहेंगी।
रामपुर में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रामपुर में सबसे अधिक टांडा क्षेत्र कोरोना से प्रभावित है। हालांकि इस बीच राहत भरी खबर भी आई जिसमें नगर के संविदा सफाई कर्मी और एक डिलीवरी ब्वॉय की पहली रिपोर्ट निगेटिव आई है। लेकिन, टांडा में लगातार मामले बढ़ रहे हैं। लिहाजा कोरोना वायरस की गंभीरता को देखते हुुए प्रशासन ने सख्ती से लॉकडाउन लागू किया हुआ है। शनिवार को गृह मंत्रालय की ओर से जारी एडवाइजरी में कुछ ढील दिए जाने का जिक्र करते हुए कुछ व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को खोले जाने की ढील दिए जाने की बात मीडिया के जरिए सामने आई। कुछ देर में यह बात सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी, जिस पर तुरंत जिलाधिकारी ने अपने फेसबुक पेज और ट्विटर हैंडिल से इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि रामपुर में लॉकडाउन में कोई ढील नहीं दी गई है। रामपुर में सिर्फ पूर्व में प्रशासन से अनुमति प्राप्त व्यवसायिक प्रतिष्ठान ही खोले जाएंगे, इसके अतिरिक्त कोई व्यवसायिक प्रतिष्ठान नहीं खोला जाएगा।