रामपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए शनिवार को नामांकन होंगे। पूर्वाह्न 11 बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। वहीं, सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। नामांकन स्थल से लेकर आसपास के क्षेत्र में बड़ी तादात में पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से बीते दिनों जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव कराने के लिए अधिसूचना जारी की थी। इसके तहत 26 जून को नामांकन होने थे, जबकि इसी दिन नामांकन पत्रों की जांच होगी। जिला प्रशासन की ओर से नामांकन प्रक्रिया को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने बताया कि नामांकन कलक्ट्रेट स्थित जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय में दाखिल किए जाएंगे। इसके लिए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रामभरत तिवारी व जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार को एआरओ बनाया गया है। नामांकन पूर्वाह्न 11 बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद कार्य समाप्ति तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। नामांकन के दौरान वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि नामांकन के दौरान कलक्ट्रेट परिसर से लेकर बाहर तक बड़ी तादात में पुलिस फोर्स तैनात की जाएगी।