रामपुर के ग्राम क्योरार में सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते नोडल अधिकारी एल वेंक्टेश्व
- फोटो : RAMPUR
रामपुर। जिले के नोडल अधिकारी एल वेंकटेश्वर लू ने विकास खंड मिलक के ग्राम क्योरार पहुंचकर सरकार की विभिन्न योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी। इस दौरान उन्होंने स्वच्छ पेयजल, मनरेगा कार्य, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, विधवा पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन एवं राशन वितरण सहित विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित होने वाले लाभार्थियों से बातचीत की।
ग्रामीणों ने गांव में स्थित अंत्येष्टि स्थल की बाउंड्री कराने की मांग की। इस पर नोडल अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार जरूरी कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया है। ग्रामीणों ने कहा कि गांव का पानी तालाब तक नहीं पहुंच रहा है, जिससे समस्या उत्पन्न हो रही है। नोडल अधिकारी ने डीसी मनरेगा को नियमानुसार मनरेगा के अंतर्गत जल निकासी प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए कार्य करने को कहा। होलिका दहन स्थल की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर नोडल अधिकारी ने उपजिलाधिकारी मिलक एवं तहसीलदार मिलक को स्थलीय निरीक्षण करके नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस दौरान परियोजना निदेशक मोतीलाल व्यास, उपनिदेशक कृृषि नरेन्द्र पाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नरेन्द्र वल्लभ भारद्वाज, जिला पंचायतराज अधिकारी विरेन्द्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी जगत भूषण श्रीवास आदि रहे।