लोकसभा के तीसरे चरण के चुनाव के लिए गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन एक भी नामांकन नहीं भरा गया, लेकिन दस पर्चों की बिक्री जरूर हुई। भाजपा प्रत्याशी जयाप्रदा के लिए भाजपा नेताओं ने पर्चा खरीदा। भाजपा विधायक राजबाला के पति दिलीप सिंह ने भी अपने लिए पर्चा खरीदा है। इसको कलक्ट्रेट में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहे। मेटल डिटेक्टर के बीच से पर्चा खरीदने के लिए लोगों को आना पड़ा।
लोकसभा चुनाव के लिए गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया शुरु हो गई है। इसके लिए कलक्ट्रेट में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहे। कचहरी चौराहे पर ही बैरिकेडिंंग की गई थी, जहां से किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं दिया जा रहा था। कचहरी के गेट के भीतर पर तीन घेरे की सुरक्षा रही। पहले दिन सिर्फ नामांकन पत्र खरीदने वाले ही आए। सबसे पहले भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी जयाप्रदा के लिए जिलाध्यक्ष मोहन लाल सैनी, लघु उद्योग प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक आकाश सक्सेना , जुगेश आरोड़ा कुक्कू पहुंच गए।
उन्होंने जयाप्रदा के लिए नामांकन पत्रों के तीन सेट खरीदे। इसके साथ ही मिलक विधायक राजबाला के प्रति दिलीप सिंह ने भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्रों के दो सेट खरीद लिए। इसके अलावा जय जवान, जय किसान पार्टी से वीरपाल, जनसेवा सहायक पार्टी से जगत सिंह, माइनॉरटिज डेमोक्रेटिक पार्टी से अरशद वारसी, खुसरो सेना के शाकिर के साथ-साथ शाहिद अली, ब्रह्मस्वरूप, मोहम्मद रेहान और मोहसिन खां ने भी नामांकन पत्र खरीदे। इस बीच सभी को मेटल डिटेक्टर से होकर जाना पड़ा।