मांगों के निस्तारण और लाठीचार्ज के विरोध में नेशनल हेल्थ मिशन के तहत कार्यरत संविदाकर्मियों का कार्य बहिष्कार बुधवार को भी जारी रहा। कार्य बहिष्कार कर कर्मचारी सीएमओ कार्यालय में एकत्र हुए। काली पट्टी बांधकर धरना-प्रदर्शन किया और मांगों के निस्तारण के लिए नारेबाजी की। संविदाकर्मियों ने बुधवार को भी कार्य बहिष्कार कर सीएमओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती प्रदर्शन करते रहेंगे।
वेतन कटौती की बात कहकर उन पर दबाव बनाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे कर्मियों ने कहा कि आगे के विरोध के लिए प्रदेश कार्यकारिणी के निर्देशों का इंतजार है। चंद्रपाल सिंह, विजेंद्र आर्य, रेहान खान, दानिश हुसैन, डा. वीके शर्मा, डा. मोहम्मद खावर खां, डा. हकीम आसिफ, मोहम्मद तारिक अली खां, अतुल रस्तोगी, प्रीति चौधरी, अर्चना सक्सेना, सुमित सक्सेना, डा. रोली गुप्ता, डा. सईदा शबाना आदि मौजूद रहे।
प्रदर्शन में बुधवार को अन्य कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी भी पहुंचे। इनमें राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद से दिनेश कुमार सक्सेना, पंडित रामबाबू शर्मा के साथ ही एनपी सिंह, परवेज अहमद खां, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ से बाबर खां, प्रेमप्रकाश आदि शामिल रहे। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने संविदा कर्मियों को समर्थन भी दिया है। नेशनल हेल्थ मिशन संविदा कर्मचारी संघ के मुरादाबाद मंडलाध्यक्ष अब्दुल कादिर, महामंत्री संजीव कुमार व प्रदेश प्रवक्ता नेत्रपाल भी धरना प्रदर्शन में शामिल हुए।