फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur News: प्रसव के दौरान नवजात की मौत, अस्पताल में हंगामा

Sun, 17 May 2026 11:06 PM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
रामपुर। जिले में अपंजीकृत अस्पतालों की लापरवाही एक बार फिर नवजात की जान पर भारी पड़ गई। थाना गंज क्षेत्र स्थित किलकारी जच्चा-बच्चा केंद्र में प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग की अनदेखी के चलते बिना मानकों के अस्पताल धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं, जहां मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा है।
विज्ञापन

बिलासपुर गेट की चपटा कॉलोनी निवासी महक को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन किलकारी जच्चा-बच्चा केंद्र लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि संचालिका ने सामान्य प्रसव का भरोसा दिया, लेकिन इलाज में लापरवाही के चलते नवजात की मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद अस्पताल का स्टाफ मौके से फरार हो गया। इससे आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना पर गंज पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। जनपद में लगातार अपंजीकृत अस्पतालों में मौत के मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूरी कर रहा है।
विज्ञापन

000
अस्पताल को सील कर विभागीय कार्रवाई की जा रही है। परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है। -डॉ. देवेश चौधरी, नोडल अधिकारी
000
स्टाफ पर मारपीट का आरोप
रामपुर। परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाया। उनका कहना है कि नवजात की हालत बिगड़ने पर जानकारी देने के बजाय स्टाफ ने बहस शुरू कर दी। विरोध करने पर धक्का-मुक्की की गई। बच्चे की मौत के बाद परिवार सदमे में है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद
000
बिना पंजीकरण चल रहा था जच्चा-बच्चा केंद्र
रामपुर। किलकारी जच्चा-बच्चा केंद्र के स्वास्थ्य विभाग में पंजीकृत न होने की बात सामने आई है। जांच में पता चला कि केंद्र बिना मानकों और अनुमति के संचालित किया जा रहा था। लोगों का आरोप है कि जिले में कई अपंजीकृत अस्पताल खुलेआम चल रहे हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग कार्रवाई के बजाय शिकायतों को नजरअंदाज करता रहा। घटना के बाद विभागीय निगरानी पर सवाल उठने लगे हैं। संवाद
000
चार दिन पहले मेट्रो अस्पताल में गई थी मासूम की जान
रामपुर। पटवाई क्षेत्र के अपंजीकृत मेट्रो अस्पताल में चार दिन पहले भी आठ दिन के नवजात की मौत हुई थी। उस मामले में भी परिजनों ने गलत इलाज और लापरवाही के आरोप लगाए थे। लगातार मौतों के बावजूद स्वास्थ्य विभाग प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पा रहा। इससे विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। संवाद
000
नहीं दी सही जानकारी
रामपुर। किलकारी जच्चा-बच्चा केंद्र में भर्ती महिला के परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर प्रसव के दौरान बच्चेदानी फाड़ने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सामान्य डिलीवरी का भरोसा देकर लापरवाही से इलाज किया गया, जिससे महिला की हालत बिगड़ गई। आरोप है कि नवजात की मौत के बाद स्टाफ ने सही जानकारी देने के बजाय मामला दबाने का प्रयास किया। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें