खरगा में खेले जा रहे मैच, विजेता टीम को मिलेगी एक लाख रुपये नकद राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। युवक मंडल खरगा 15/20 की ओर से आयोजित 41वीं खेलकूद प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले जारी हैं। रविवार को रामपुर और शटलधार ने क्रिकेट मुकाबले जीते।प्रतियोगिता का पहला मैच आरकेजेआर रामपुर और 15/20 लाइंस खरगा के मध्य हुआ। रामपुर ने पहले खेलते हुए निर्धारित सात ओवर में 88 रन का लक्ष्य दिया। खरगा की टीम सात विकेट खोकर 58 रन पर ही ढेर हो गई। रामपुर ने मुकाबला जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। दूसरा मुकाबला आउटर सिराज खदेड़ और दिव्यांशी बॉयज शटलधार के मध्य हुआ। इसमें आउटर सिराज ने पहले खेलते हुए निर्धारित सात ओवर में छह विकेट खोकर 31 रन बनाए। शटलधार टीम की घातक गेंदबाजी के आगे कोई भी बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं कर पाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शटलधार की टीम ने 5.2 ओवर में दो विकेट खोकर जीत हासिल की और अगले दौर में प्रवेश पाया। युवक मंडल अध्यक्ष ललित नेगी ने बताया कि प्रतियोगिता की विजेता टीम को एक लाख नगद राशि और ट्रॉफी, उपविजेता टीम को 50 हजार की राशि और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को क्लब की ओर से आकर्षक इनामों से सम्मानित किया जाएगा।