ओवरलोड से जूझ रहे डूंगरपुर बिजलीघर के फीडरों को इस समस्या से जल्द निजात मिल जाएगी। गंज क्षेत्र में 10 एमवीए के बिजलीघर के निर्माण को मंजूरी मिल गई है।
निर्माण के लिए जमीन भी फाइनल हो चुकी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इस नए बिजलीघर से डूंगरपुर बिजलीघर के उन फीडरों का लोड कम किया जाएगा जो ओवरलोड की समस्या से जूझ रहे हैं।
डूंगरपुर बिजलीघर क्षेत्र में अस्तबल और खुसरो बाग फीडर ओवरलोड की समस्या से जूझ रहे हैं। अस्तबल फीडर के लोगों ने तो एसई से ओवरलोड के कारण होने वाली ट्रिपिंग की समस्या दूर करने की मांग भी की है। ओवरलोड के कारण घेर सेफउद्दीन, दोमहला रोड, घेर जिया उन नबी, तालाब निहालउद्दीन समेत कई मोहल्लों में ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है।
भीषण गर्मी में ओवरलोड से ट्रिपिंग व कटौती के कारण लोग परेशान हैं। अब इन लोगों को जल्दी ही इस समस्या से निजात मिल जाएगी। गंज क्षेत्र में जुल्फिकार इंटर कालेज के निकट 10 एमवीए के बिजलीघर निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है। स्थल चयन के बाद टेंडर की प्रक्रिया शासन स्तर से चल रही है। टेंडर होते ही बिजलीघर का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।