शाहबाद। अपना नाम पप्पू बताकर दूसरे समुदाय की विधवा महिला से दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने नाजिम नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। नाजिम पर विधवा महिला के खाते से लाखों रुपये निकालने का आरोप भी लगा है। इस मामले में पांच आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है।
पीड़िता महिला की ओर से दर्ज कराए गए केस में आरोप लगाया है कि शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक नाजिम खां ने वर्ष 2017 में विधवा महिला के घर फिरोजाबाद क्षेत्र के एक गांव में पहुंचा था। उस दौरान युवक ने अपना नाम पप्पू बताकर महिला के मकान में कमरा किराए पर लिया था।
महिला का आरोप है कि आरोपी युवक नाजिम ने जनवरी 2018 में महिला के कमरे में जाकर दुष्कर्म किया था। घटना के बाद से महिला को शादी का झांसा दिया गया। महिला अकेली होने के कारण झांसे में आ गई। इसके बाद महिला की शादी हो गई और आरोपी युवक महिला का मकान बिकवाकर शाहबाद के एक गांव में ले आया।
इस बीच 10 जून 2025 को आरोपी युवक ने नाम बदलकर आर्य मंदिर से फर्जी शादी के अभिलेख बनवा लिए। इसके बाद महिला के साथ आरोपी युवक मारपीट करने लगा। आरोप है कि फिरोजाबाद में महिला के बिके हुए मकान का 11 लाख रुपया खाते में जमा कर दिया था और उसका एटीएम भी ले लिया था। चोरी से एटीएम के खाते से रुपये निकाल लिए गए।
महिला का आरोप है कि युवक की पहले से एक पत्नी है और वह रुद्रपुर में रहती है। महिला का आरोप है कि इस षड्यंत्र में आरोपी नाजिम के साथी एहसान खां, इमरान खान, समी, सलमान सैय्यद बब्लू अली शामिल थे। इस केस में पुलिस ने मुख्य आरोपी नाजिम खान को बिलारी रोड स्थित सेवन सीज के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस केस में पांच आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है। इस केस में महिला का धर्मांतरण कराने का आरोप है।