मां भगवती के नवरात्र मंगलवार से शुरू हो रहे हैं। माता के नवरात्रों को लेकर जिले भर में मंदिरों से लेकर बाजार तक में सोमवार से रौनक बढ़ गई। शहर के प्रमुख मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया तो बाजारों में पूजन सामग्री से लेकर माता के श्रृंगार और फलाहार में प्रयोग होने वाली खाद्य सामग्रियों की बिक्री हो रही है।
पूजन सामग्री खरीदने के लिए दुकानों पर दिन भर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। श्राद्ध पूजन के बाद मंगलवार से शारदीय नवरात्र की शुरुआत होगी। मंगलवार से अगले नौ दिनों तक मां भगवती के शक्ति, प्रेम, ज्ञान, सुख-समृद्धि समेत अन्य रूपों का पूजन-अर्चना की जाएगी। माता से सुख-समृद्धि व अन्न-धन्न की संपूर्णता और स्वास्थ्य का वर मांगा जाएगा।
मंदिरों से लेकर घरों तक में माता की भेंट, जगराते और कीर्तन होंगे। शहर के पुराना गंज स्थित माई का थान मंदिर, हरिहर मंदिर, श्री त्रिपुरेश्वरी शक्ति पीठ, सिविल लाइंस स्थित मां दुर्गा का प्राचीन मंदिर, मनोकामना मंदिर समेत सभी मंदिरों में मां का श्रृंगार कर मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया है।
झालरों की रोशनी से मंदिरों का सराबोर कर दिया गया है। वहीं नवरात्र व्रत के लिए आवश्यक पूजन सामग्री खरीदने के लिए भी सोमवार को बाजरों में भीड़ रही। हवन सामग्री, श्रृंगार सामग्री, माला, चुनरी, मां की अखंड ज्योत, मां की पोशाक, मूर्तियों, कूटू के आटे, चोया, कपूर, लौंग, नारियल आदि की भी जमकर खरीदारी हुई।