जौहर यूनिवर्सिटी की तरह देहरादून में भी 125 फीट की ऊंचाई पर तिरंगा लहराएगा। देहरादून में भी रामपुर की कंपनी फ्लैग पोल बना रही है। कंपनी को कानपुर का भी कांट्रेक्ट मिल गया है। हालांकि रांची और फरीदाबाद में पहले से ही सबसे ऊंचाई पर देश का तिरंगा लहरा रहा है।
फ्लैग पोल बनाने में रामपुर की कंपनी देश में पहचान बना रही है। छह साल पहले ब्लू डायमंड इलेक्ट्रानिक्स कंपनी को जौहर विश्वविद्यालय में 220 फीट ऊंचा फ्लैग पोल बनाने का कांट्रेक्ट मिला था। कंपनी ने करीब 4 महीने में फ्लैग पोल तैयार किया।
आजादी की सालगिरह पर नगर विकास मंत्री मोहम्मद आजम खां ने इतने ऊंचे पोल से तिरंगा लहराया। रामपुर की कंपनी देहरादून ओएनजीसी में भी 125 फीट ऊंचा फ्लैग पोल बना रही है।
कंपनी के एमडी सुभान खां ने बताया कि कंपनी को कानपुर का भी कांट्रेक्ट मिल गया है। कानपुर में भी 125 फीट ऊंचा फ्लैग पोल का निर्माण कराया जाएगा। रांची (झारखंड) में 2015 स्वतंत्रता दिवस पर 293 फीट की ऊंचाई पर तिरंगा फहराया गया था।
हरियाणा की औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में भी 245 फीट की ऊंचाई पर देश का तिरंगा लहरा रहा है। हालांकि दोनों फ्लैग पोल दूसरी कंपनी ने बनाए हैं। सुभान खां ने बताया कि दूसरे सूबों से भी फ्लैग पोल बनाने के लिए आफर मिल रहे हैं। देहरादून के बाद कानपुर में काम शुरू कराया जाएगा।