रामपुर। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने मंगलवार को रामपुर के केडी डालमिया आई हॉस्पिटल में कोरोना से बचाव का टीका लगवाया। टीका लगवाने के बाद उन्होंने 250 रुपये का भुगतान भी किया। लगभग आधे घंटे तक डॉक्टरों की देखरेख में रहने के बाद वो वापस दिल्ली चले गए।
कोरोना के बचाव का पहला टीका लगवाने के लिए नकवी सोमवार की रात रामपुर पहुंचे थे। मंगलवार की सुबह 11 बजे उन्होंने वैक्सीन की पहली डोज लगवाई। इस दौरान नकवी ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए जो स्वदेशी वैक्सीन तैयार किया गया है वह पूरी तरह से सुरक्षित है। नकवी ने उन सभी से अपील की, जो वैक्सीन लेने के लिए योग्य हैं, कोरोना से बचाव की वैक्सीन लगवाएं और भारत को कोरोना मुक्त बनाए। उन्होंने कहा कि कोरोना की चुनौती के एक वर्ष से भी कम समय में भारत में दो स्वदेशी वैक्सीन का आना, देश के वैज्ञानिकों के प्रयासों का परिणाम और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देशवासियों की सलामती के संकल्प का पुख्ता प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना वैक्सीन पर कुछ लोग सियासी रैक्सीन चढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनको सफलता नहीं मिलेगी। केंद्रीय मंत्री नेकहा कि देश का राजनैतिक मूड-मिजाज बदल चुका है। पश्चिम बंगाल सहित 4 राज्यों एवं पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर कहा कि इन चुनावों में विकास पर विश्वास एक बड़ी और कड़ी कसौटी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकास और सुशासन का प्रामाणिक ब्रांड बन गए हैं। मोदी ने बिना किसी भेदभाव के समावेशी विकास और सर्वस्पर्शी सशक्तीकरण के संकल्प के जरिए हर जरूरतमंद तक विकास की रोशनी पहुंचाने का सफल प्रयास किया है। नकवी ने कहा कि लफ्फाजी और बयान बहादुरी के सहारे सियासत की सीढ़ियां चढ़ने-बढ़ने के दिन लद गए हैं। कुछ राजनैतिक दल विरासत पर सियासत को अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं। ऐसे ही लोग कर्म की कसौटी पर फेल हो रहे हैं। नकवी ने कहा कि हम आजादी के 75वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं, हमें देश की राजनीति के चरित्र को आजादी के महानायकों के सपनों के अनुसार बनाने का बड़ा मौका है।