फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रदेश कार्यालय से पहले सांसद कर दी जिलाध्यक्ष की घोषणा

Sun, 17 Jan 2016 11:38 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/रामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष के नाम को लेकर गर्माए माहौल में सांसद डा. नैपाल सिंह ने एक कदम आगे बढ़कर जिलाध्यक्ष के नाम का एलान कर दिया। सांसद ने प्रदेश पदाधिकारियों से पहले ही सुरेश गंगवार को भाजपा नया जिलाध्यक्ष बता दिया।
विज्ञापन



कहा कि सुरेश गंगवार के नाम पर सहमति बन गई है और वो जिलाध्यक्ष के रूप में कार्य करना शुरू कर दें। लोकसभा चुनावों के बाद मंडल अध्यक्षों और फिर जिलाध्यक्ष के चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी में चल रही गुटबाजी को लेकर रविवार को सांसद डा. नैपाल सिंह ने प्रेस वार्ता कर अपना पक्ष रखा।


सांसद ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने जिले में जिस जाति का सांसद है, उस जाति के कार्यकर्ता को जिलाध्यक्ष न बनाने का निर्णय लिया था। इसी कारण मुरादाबाद, संभल, बिजनौर, अमरोहा में सांसद से अलग जाति वाले दावेदारों को जिलाध्यक्ष चुना गया।
विज्ञापन



जातीय आधार पर ही महासिंह राजपूत का रामपुर भाजपा जिलाध्यक्ष के रूप में चयन नहीं हुआ है, लेकिन जिलाध्यक्ष के लिए सुरेश गंगवार के नाम पर सहमति बन गई है। सांसद ने केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का नाम लिए बिना कहा कि नए जिलाध्यक्ष को लेकर मंत्री ने भी सहमति जता दी है।


हालांकि जिलाध्यक्ष के नाम की ये घोषणा अधिकृत नहीं है। खुद सांसद ने भी कहा कि जल्द ही प्रदेश स्तर से जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा की औपचारिकता की जाएगी, लेकिन जिलाध्यक्ष सुरेश गंगवार ही होंगे। सांसद ने सुरेश गंगवार को जिलाध्यक्ष की तरह क्षेत्र में कार्य करने तक की बात कही है।


उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष को लेकर सैनी समाज के लोगों ने उन पर जो आरोप लगाए हैं वो निराधार हैं। उनका सैनी समाज और सभी कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि वो पिछली बातों को भूलकर एकजुट होकर विधानसभा चुनावों के लिए कार्य करें।


सांसद ने कहा कि विधानसभा चुनावों में स्वार विधानसभा से सैनी समाज के व्यक्ति को टिकट दिया जाएगा। इसके लिए वो प्रयास करेंगे और सैनी समाज भी उन्हें इसके लिए नाम प्रस्तावित कर सकता है। सांसद डा. नैपाल सिंह ने कहा कि जिलाध्यक्ष चुनाव को लेकर उनकी मंत्री से बात हुई थी।


उन्होंने इन चुनावों से दूर रहने की बात कहते हुए इसकी जिम्मेदारी उन्हें सौंपी थी। अब बेवजह कुछ लोग जिलाध्यक्ष के नाम को लेकर राजनीति कर मंत्री का नाम घसीट रहे हैं। उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। साथ ही सांसद ने कहा कि मंत्री 19 जनवरी को रामपुर आकर कार्यकर्ताओं को जोड़ने का प्रयास करें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें