उधार के रुपये मांगने पर युवक को मारपीट कर घायल कर दिया। चीख पुकार सुनकर मौके पर परिजनों को देख हमलावर मौके से फरार हो गए । बेहोशी की हालत में परिजन युवक को सीएचसी ले आए, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया । युवक की हत्या की खबर जैसे ही लोगों को लगी तो सीएचसी में भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाना चाहा तो परिजनों सहित भीड़ ने युवक के हमलावरों की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी ने आक्रोशित लोगों को शांत कराया और शव को जिला चिकित्सालय भिजवाया। परिजनों ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर पुलिस को दी गई है ।
नगर के मोहल्ला स्वार खास वार्ड नंबर 12 में जहीर अहमद की परचून की दुकान है । उसी दुकान में उसका बेटा 24 वर्षीय अतीक टेलरिंग का काम भी करता था । गुरुवार की दोपहर अतीक दुकान पर अकेला बैठा था जबकि पिता घर काम से गए हुए थे । इस दौरान वार्ड नंबर एक पड़ोस स्थित निवासी अनिल वाल्मीकि का बेटा कपिल दुकान पर सामान लेने के लिए आया। इस दौरान अतीक ने उधार देने से मना करते हुए पहले के 100 रुपये देने को कहा ।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस दौरान कपिल घर वापस चला गया।अपने तीन अन्य लोगों के साथ फिर से दुकान पर पहुंच गया और अतीक को गालियां देते हुए दुकान से खींच कर बाहर सड़क पर ले आये ओर लात घूंसों से जमकर मारना पीटना शुरू कर दिया । चीख पुकार सुन परिजन व अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो चारों हमलावर मौके से फरार हो गए। परिजन बेहोशी की हालत में अतीक को सीएचसी ले कर पहुंचे लेकिन उपचार होने से पूर्व ही चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया ।
जैसे ही युवक की की हत्या की सूचना घर मे पता चली तब घर में कोहराम मच गया ।देखते ही देखते सीएचसी पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी । सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई ओर शव को पीएम के लिए ले जाने लगी जहां मौके पर मौजूद भीड़ व परिजनों ने हमलावरों की गिरफ्तारी तत्काल किए जाने को लेकर हंगामा काटना शुरू कर दिया और शव पुलिस को देने से मना कर दिया।
सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी राहुल कुमार भी मौके पर पहुंच गए जहां हंगामा काट रही भीड़ को हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन देकर आक्रोशित भीड़ को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम को भेजा। हत्या का मामला दो समुदायों के बीच होने के कारण अपर पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह भी कोतवाली पहुंच गई और कोतवाल राजेश तिवारी से घटना को जानकारी कर घटना स्थल पर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात करने और जल्द हमलावरों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए ।
वही पुलिस ने मृतक के पिता जहीर अहमद की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर कपिल ,जीतू,सिमोन ,पालिका कर्मी सत्यप्रकाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है । वही पुलिस ने एक नामजद आरोपी सत्यप्रकाश को हिरासत में लिया है।एएसपी सुधा सिंह ने बताया कि दुकानदार द्वारा उधार न देने से मना करने पर घटना को अंजाम दिया गया है।हमलावरों को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।