रामपुर। डीएम के आदेश पर नगर पालिकाकर्मियों ने शनिवार को भी प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चलाया। मोहल्ला शीरीमिया में एक किराने की दुकान चलाने वाले से पालिकाकर्मियों ने करीब आठ किलो प्रतिबंधित पॉलिथीन बरामद की। इससे नाराज दुकानदार ने पालिकाकर्मियों परह मला कर दिया। डीएम के आदेश पर ईओ नवनीत कुमार सिंह के निर्देशन में स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी रूपेश कुमार सक्सेना के नेतृत्व में पालिकाकर्मियों की एक टीम ने शनिवार की दोपहर नगर में हाईवे स्थित साप्ताहिक बाजार में छापा मारा। इस दौरान टीम ने तीन दुकानदारों से कुछ पॉलिथीन बरामद कर 1800 रुपये का जुर्माना वसूल किया।
इसके बाद टीम मोहल्ला शीरीमिया स्थित हजरत शीरी बाबा की दरगाह के समीप एक किराने की दुकान पर पहुंची। टीम ने किराने की दुकान से प्रतिबंधित करीब आठ किलो पॉलिथीन बरामद कर ली। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर हंगामा हुआ। आरोप है की दुकान स्वामी ने अपने तमाम समर्थकों को बुला लिया और पालिकाकर्मियों के मोबाइल भी छीन लिए व रसीद बुकें फाड़ दीं और उन्हें मारपीट कर दौड़ा दिया।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले को शांत किया। इसके बाद सभी कर्मी नगर पालिका आए और मामले की शिकायत पालिका अध्यक्ष चित्रक मित्तल से की। पालिका के ईओ जिला मुख्यालय पर डीएम की बैठक में जाने का पता चलने पर कर्मियों ने प्रदर्शन किया।
पालिकाकर्मियों का कहना था कि जब तक दोषी दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती वह काम नहीं करेंगे। इसके बाद सभी कर्मी संबंधित दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग को लेकर डीएम व ईओ से मिलने जिला मुख्यालय चले गए। पालिका के नोडल ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, रसीद फाड़ना, मोबाइल छीनने आदि से संबंधित तहरीर दी गई है।
बिलासपुर पालिका अध्यक्ष चित्रक मित्तल ने बताया कि दुकानदार ने अपने समर्थकों की मदद से सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पालिका कर्मियों के साथ मारपीट की है। ये शासन के आदेशों के खिलाफ गुंडागर्दी है। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
-
संबंधित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। पालिका टीम के साथ मारपीट करनेे व सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले किराना दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। - नवनीत कुमार सिंह, ईओ, नगर पालिका परिषद बिलासपुर