मिलक। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद उसका शव गांव पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। गमगीन माहौल में युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी करन (21) मंगलवार देर रात किसी काम से राठौड़ा गया था। वहां से वह बाइक से घर लौट रहा था। नगला उदई गांव के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में करन की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया।
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि करन अविवाहित था और हैदराबाद में रहकर बाइक मैकेनिक का काम करता था। दीपावली का त्योहार मनाने के लिए वह कुछ दिन पहले ही घर आया था। त्योहार की खुशियां मातम में बदलने से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
सीओ राजवीर सिंह परिहार ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद