केमरी (रामपुर)। मोहल्ला सिंघाड़ियान में बुधवार बंदर की घुड़की से डरकर भागे मां-बेटा छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया। उपचार के बाद दोनों को डिस्चार्ज कर दिया है।
बुधवार को मोहल्ला सिंघाड़ियान निवासी नूर बी अपने बेटे शमी के साथ छत पर बैठी थीं। अचानक से बंदरों का झुंड छत पर आ गया। मां-बेटे ने बंदरों को भगाने का प्रयास किया। इस दौरान बंदरों के घुड़की देने पर नूर बी घबराकर भागने लगी और छत से गिर गई। मां को गिरने से बचाने के प्रयास में उनका बेटा शमी भी छत से नीचे गिर गया। हादसे में मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल मां बेटे को इलाज के लिए पास के ही एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टर ने दोनों मां बेटे को इलाज के बाद घर भेज दिया है।