हर-हर महादेव के जयघोष और ओम नम: शिवाय का मंत्रोच्चारण के बीच सावन के पहले सोमवार पर जिलेभर के शिव मंदिरों में शिवभक्तों और कांवड़ियों ने जलाभिषेक किया। जलाभिषेक के लिए भक्त सुबह चार बजे से ही शिवालयों पर जुटने शुरू हो गए।
सावन माह में शिवजी की पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है। सावन के पहले सोमवार पर पंजाबनगर के निकट नंदगांव स्थित ओउम नागेश्वर महादेव मंदिर, भमरौआ स्थित श्री पातालेश्वर महादेव शिव मंदिर और रठौंडा स्थित शिव मंदिर में से लेकर अन्य स्थानीय मंदिरों में सुबह चार बजे से ही श्रद्धालु जुटने शुरू हो गए। हाईवे से लेकर शिवालयों तक में भोलेनाथ के जयघोष गूंजते रहे। शिव भक्तों ने परिक्रमा कर शिवलिंग पर जलाभिषेक के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की।
जलाभिषेक के लिए मंदिर से बाहर तक भक्तों की कतारें लगी रहीं। भक्तों ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, भांग फल, मिष्ठान, पुष्प आदि अर्पण कर भगवान भोलेनाथ का ध्यान कर पूजा की। इसके साथ ही शहर में भी सिविल लाइंस, ज्वालानगर, अजीतपुर, मिस्टन गंज, पुराना गंज समेत अन्य क्षेत्रों के मंदिरों में भी जलाभिषेक किया गया।
उधर, हाईवे से लेकर शिवालयों तक में सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे। सावन के पहले सोमवार होने की वजह से कांवड़ियों की संख्या कम रही,जिसकी वजह से पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।