स्वार। विधायक शफीक अहमद अंसारी ने क्षेत्र की बदहाल विद्युत व्यवस्था को लेकर गहरी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने बुधवार को स्वार-टांडा विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी, अवर अभियंता समेत संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अहम बैठक की। आपूर्ति में सुधार के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि स्वार-टांडा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सरकार के शेड्यूल के अनुरूप नहीं हो रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्रवासियों को बिजली संबंधी किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने विद्युत कटौती, कम वोल्टेज, जर्जर तारों को बदलने, नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, अनावश्यक हाईटेंशन लाइनों को हटाने, आबादी वाले क्षेत्रों से गुजर रही लाइनों को शिफ्ट करने, मुख्य मार्गों के किनारे लगे खंभों को पीछे करने, बरसात के मौसम में खंभों को प्लास्टिक से कवर करने, तथा नई आबादी में बिजली कनेक्शन पहुंचाने जैसे अहम बिंदुओं पर कार्यवाही के निर्देश दिए।
इस मौके पर अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार, एसडीओ हरि दीपक यादव और जेई कमरुज्जमा आसिफ रहे।