रंजिश के चलते उत्तराखंड सीमा से सटे कोतवाली क्षेत्र के डिबडिबा गांव में बृहस्पतिवार सुबह बाइक सवार तीन हमलावरों ने गैंगस्टर और गुंडा एक्ट में निरुद्ध रहे संदीप सिंह चौहान उर्फ सनी उर्फ सानिया (30) की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ पांच गोलियां दागीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। एसपी अनिल कुमार सिसोदिया ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया है। बरेली जिले के थाना मीरगंज के गांव मोहम्मदपुर निवासी तेजपाल सिंह चौहान कोतवाली क्षेत्र के उत्तराखंड सीमा से सटे गांव डिबडिबा स्थित मलिक फार्म पर रहकर मजदूरी करते हैं।
तेजपाल का पुत्र संदीप सिंह चौहान उर्फ सनी एर्फ सानिया 30 भी एक राईस मिल में मजदूरी करता था। परिजनों के अनुसार संदीप बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे अपनी पत्नी शिवानी व तीन साल की बेटी आराध्या को दवाई दिलाकर घर जा रहा था। पत्नी शिवानी के अनुसार गांव स्थित शराब की दुकान के पास संदीप को उसका दोस्त बृजेश मिल गया। संदीप ने उसे व बेटी को घर भेज दिया। इसी दौरान बाइक सवार तीन हमलावरों ने संदीप पर पांच राउंड फायरिंग कर दी। जिसके कारण वह लहुलुहान होकर मौके पर गिर गया।
घटना आसपास लगे सीसीटी कैमरों में कैद हो गई। इसके बाद बाइक सवार तीनों हमलावर फरार हो गए। दहशत भरे महौल में सूचना पर रूद्र बिलास चीनी मिल के कार्यवाहक प्रभारी विष्णु कुमार वर्मा, कोतवाली प्रभारी जीत सिंह, सीओ पीपी सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस तुरंत ही घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फोरेंसिक टीम व डाॅग स्कायड ने मौके से साक्ष्य जुटाए। एसपी अनिल सिंह शिशोदिया ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और हमलावरों को गिरफ्तार करने को पांच टीमें लगाईं। एसओजी समेत कई थानों की पुलिस भी गांव पहुंच गई।
गोलीकांड के बाद बाजार में भगदड़, बंद हुईं दुकानें
हत्या से पहले बाजार में काफी चहल-पहल थी। ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज सुनते ही बाजार में सनसनी फैल गई। दुकानदारों ने आनन-फानन में अपनी दुकानें बंद कर दीं। लोग इधर-उधर भागने लगे। करीब आधे घंटे तक बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। बाद में पुलिस के आने पर लोगों ने दुकानें खोलीं, लेकिन लोग सहमे हुए थे।