रामपुर। अवैध खनन की जांच और चेकिंग के दौरान राजस्व विभाग की टीम के साथ अभद्रता और धमकी देने का मामला सामने आया है। गांधी समाधि से आश्रम पद्धति रोड पर चेकिंग के लिए खड़े कराए गए ट्रैक्टरों को जबरन ले जाने का आरोप है। मामले में लेखपाल की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र का है। गांधी समाधि से आश्रम पद्धति जाने वाली सड़क पर बुधवार रात राजस्व विभाग की टीम चेकिंग कर रही थी। इस दौरान टीम ने रेत और मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया। आरोप है कि चेकिंग के दौरान कुछ लोगों ने टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया। इतना ही नहीं, वे जबरन ट्रैक्टर-ट्रॉली ले गए और टीम को धमकाया भी। घटना के बाद राजस्व विभाग की टीम ने उच्चाधिकारियों से शिकायत की।
लेखपाल राजीव गंगवार की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने तीन लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। सीओ सिटी अभिषेक श्रीवास्तव के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मंसूरपुर निवासी शान के रूप में हुई है। इसके अलावा मोहम्मद और नवाब के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है।
000
खनन की सूचना पर दौड़ी पुलिस
सैदनगर। जौहर यूनिवर्सिटी के पास अवैध खनन की सूचना मिलने पर अजीमनगर पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन बाद में सूचना गलत पाई गई। बृहस्पतिवार को पुलिस को यहां अवैध खनन होने की सूचना दी गई थी। मौके पर पहुंचने पर पुलिस को बताया गया कि सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है और मिट्टी उठाने की अनुमति है। सीओ टांडा पंकज पंत ने बताया कि सूचना मिली थी, लेकिन मामला कोतवाली क्षेत्र का था। इसलिए कोतवाली पुलिस को भी जानकारी दे दी गई थी। संवाद