नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी हैंडबॉल प्रतियोगिता में चयनित हुईं किन्नौर की दो खिलाड़ी। संवाद
. रूपी गांव की नक्षिता नेगी और अनुष्का नेगी हिमाचल प्रदेश का करेंगी प्रतिनिधित्व
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)।
जिला किन्नौर के रूपी गांव की दो हैंडबॉल खिलाड़ी नक्षिता नेगी और अनुष्का नेगी का चयन नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दोनों खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। नक्षिता नेगी धर्मशाला कॉलेज में शिक्षा ग्रहण कर रही हैं, जबकि अनुष्का नेगी आरकेएमवी कॉलेज शिमला की छात्रा हैं। किन्नौर जिला हैंडबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. संदीप नेगी और महासचिव नितेश नेगी ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि जनजातीय जिले के छोटे से गांव की बेटियों का विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के कोच नितेश नेगी के मार्गदर्शन और प्रयासों की भी सराहना की। एसोसिएशन ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से रूपी गांव सहित पूरे किन्नौर में खुशी का माहौल है।