मिलक। शुक्रवार की रात एक बजे क्योरार गांव के पास बरेली से रामपुर जाने वाली रेलवे की पटरियों को एक पार करते समय क्योरार निवासी मुकुट कोरी (52) मालगाड़ी की चपेट में आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घटना के बाद मालगाड़ी के ड्राइवर ने ब्रेक लगाए। जब तक मालगाड़ी रुकी तब तक अधेड़ की मौत हो गई। मालगाड़ी के ड्राइवर ने हादसे की सूचना नगर रेलवे स्टेशन को दी। इसी दौरान कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस दौरान मालगाड़ी लगभग 15 मिनट तक रुकी रही।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए कहा लेकिन परिजनों ने मृतक का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। इसके बाद पुलिस वापस लौट आई। मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतक मानसिक रूप से कमजोर थे। कई वर्षों से उनका इलाज चल रहा था।
शुक्रवार की रात वह प्रतिदिन की तरह चारपाई पर सो रहे थे। रात को वह घर से निकल गए। खोजबीन के दौरान उन्होंने मालगाड़ी को खड़ा हुआ देखा और मौके पर पहुंचने के बाद पता चला कि मालगाड़ी की चपेट में आने से मुकुट कोरी की मौत हो गई है।
स्टेशन मास्टर आशीष गंगवार ने बताया कि रातके समय पंकज कुमार स्टेशन मास्टर ड्यूटी पर थे। ट्रेन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत होने की सूचना मालगाड़ी के ड्राइवर द्वारा दी गई थी। इस दौरान लगभग 15 मिनट तक मालगाड़ी रुकी रही, उसके बाद रवाना हो गई।