रामपुर। बिजली विभाग के प्रबंध निदेशक ने उपखंड अधिकारी द्वितीय एवं तृतीय की जमकर क्लास लगाई। यहां न तो राजस्व वसूली में कोई सुधार दिखाई दिया और न ही लाइनलॉस कम करने के लिए कोई ठोस प्रयास नजर आए। इसके अलावा मिलक डिविजन की खराब प्रगति को लेकर भी नाराजगी जताई।
मंगलवार को शाम साढ़े पांच बजे बिजली विभाग पश्चिमांचल मेरठ के प्रबंध निदेशक अरविंद मलप्पा बंगारी रामपुर आ गए। यहां उन्होंने जिला सहकारी बैंक सभागार में अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी, अवर अभियंता समेत टीजी टू तक की मीटिंग ली। उन्होंने डिविजन के अनुसार प्रगति एवं कामकाज के तरीकों के बारे में जानकारी की। इस दौरान विद्युत वितरण खंड प्रथम की सब डिविजन द्वितीय एवं तृतीय की प्रगति सही न होने पर संबंधित एसडीओ को जमकर हड़काया। उन्होंने कहा कि विभागीय कामकाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दस हजार से अधिक के बकाएदार एवं ऐसे उपभोक्ता जिन्होंने अपना कनेक्शन होने के बाद से बकाया का भुगतान नहीं किया है, उनका वसूली की जाए। साथ ही एक मुश्त समाधान योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। लाइनलॉस को लेकर भी समीक्षा की और खराब प्रगति पर प्रथम डिविजन के अफसरों की जमकर क्लास ली। साथ ही मिलक डिविजन की खराब प्रगति को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि तीन दिन बाद वह फिर से रामपुर आएंगे और यदि कोई गड़बड़ी मिली ीया प्रगति नहीं दिखाई दी, तो दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर अधीक्षण अभियंता संजय कुमार गर्ग, अधिशासी अभियंता बिलासपुुर विनोद कुमार, अधिशासी अभियंता मिलक नरेश कुमार, अधिशासी अभियंता स्वार टांडा इमरान समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।