रामपुर। सतखसमी मतकटी परिषद की ओर से मतकटों की बरात धूमधाम से निकाली गई। गाजे-बाजे और होली गीतों के बीच बरातियों ने नृत्य किया। दूल्हे के पास आने वाले लोगों को झाड़ू से आशीर्वाद दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर फैंसी ड्रेस, कविता, हास्य-व्यंग्य और नाटक प्रस्तुत किए गए। बाल कलाकारों ने नृत्य प्रस्तुत किया और देर रात तक आयोजन चलता रहा।
रात करीब 10 बजे पुराना गंज स्थित श्री हरिहर मंदिर से बरात शुरू हुई। दूल्हे को रिक्शे पर बैठाया गया और हरी सब्जियों, फलों व गोबर के उपलों की जयमाल पहनाई गई। उसे बड़ी झाड़ू भी दी गई। लालटेन की रोशनी में दूल्हे की आरती उतारी गई।
बरात घेर तोगा रोड, घेरे इनायत खां, चमन चौक और पुराना गंज से होती हुई निकली। होली खेले रघुवीरा अवध में, बहादुर नहीं छोड़ेगा, ऐसी होली तुझे खिलाऊं, आज नंदलाल में गुलाल बरसत है, रंग बाको संवरिया डाल गयो रे और रंग बरसे भीगे चुनर वाली जैसे गीतों पर बारातियों ने नृत्य किया। जगह-जगह बरात का स्वागत हुआ। दूल्हे के पास आने वालों को झाड़ू से आशीर्वाद दिया गया।
इसके बाद बरात पुलिस चौकी, छिपियाल और सर्राफा बाजार से होकर वापस श्री हरिहर मंदिर पहुंची। यहां रंगारंग कार्यक्रम हुए और बच्चों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में भाग लिया।
आयोजन में रामसरन देवल, रविंद्र गुप्ता, सचिन गुप्ता, सुनील अग्रवाल, विक्की पंडित, छोले बाबू, सोनू ठाकुर, ललित सिंह, चिंटू ठाकुर और डॉ. चिरंजीलाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।