भोट। रात दस बजे खूंटाखेड़ा स्थित देशी शराब की दुकान को बंद कर घर जा रहे बाइक सवार सेल्समैन को दुकान के करीब तीन सौ मीटर की दूरी पर दो बाइकों में सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने टक्कर मार कर गिरा दिया और गनप्वांइट पर धमकाते हुए मारपीट कर सात हजार रुपये की नकदी व मोबाइल लूट लिया। सेल्समैन से लूट की सूचना पर मनकरा चौकी पुलिस रात में ही मौके पर पहुंच गई व मामले की जांच की।
थाना क्षेत्र के खूंटा खेड़ा गांव निवासी रवि कुमार गांव में ही स्थित देशी शराब की दुकान में सैल्स मैन है।अनुज्ञापी विजय कुमार ने बताया कि सोमवार रात करीब दस बजे सेल्समैन रवि कुमार दुकान बंद कर अपनी बाइक से घर जा रहा था। दुकान से करीब तीन सौ मीटर दूर पहुंचते ही दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने अपनी बाइक से टक्कर मारकर रवि कुमार को नीचे गिरा दिया और गनप्वांइट पर धमकाते हुए मारपीट की। इस दौरान बदमाशों ने उसकी जेब में रखे सात हजार रुपये व मोबाइल लूट लिया और खूंटाखेड़ा अड्डे की ओर फरार हो गये।बदमाशों के जाने के बाद सेल्समैन किसी तरह अनुज्ञापी के पास पहुंचा और आपबीती बतायी। लूट की सूचना पर अनुज्ञापी विजय कुमार व उनके साथी मौके पर पहुंच गए व मनकरा चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना पर चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी व आस पास के लोगों से घटना के बावत जानकारी ली।थानाध्यक्ष नरेन्द्र कुमार ने बताया सेल्समैन से लूट की सूचना पर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है।इस दौरान सैल्स मैन द्वा पूछताछ के दौरा लूट के संबन्ध में कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दी गई तथा आस पास के लोगों ने इस तरह की घटना से इन्कार किया है। वहीं सैल्समैन का एक सप्ताह पूर्व कुछ लोगों से विवाद होने की जानकारी भी मिली है।मामले की जांच की जा रही है।तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।