पटवाई। क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पटवाई क्षेत्र के सुरजनपुर गांव निवासी नरेंद्र का विवाह 13 वर्ष पहले संभल जिले की रहने वाली नेहा (34) से हुआ था। मृतका के चाचा उमेश ने बताया कि शादी के बाद से नरेंद्र शराब पीता था और नशे की हालत में नेहा के साथ मारपीट करता था। परिवार का आरोप है कि शराब पीने का विरोध करने पर दोनों के बीच विवाद होता था।
चाचा उमेश का आरोप है कि मंगलवार रात विवाद के दौरान नरेंद्र ने नेहा की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग सुरजनपुर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतका के पति नरेंद्र ने सभी आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि नेहा की मौत स्वाभाविक थी और उसने किसी प्रकार की मारपीट या गला दबाकर हत्या नहीं की। थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।