रामपुर। पटवाई थाना क्षेत्र के गोहनपुर का मझरा गांव में घरेलू विवाद के बाद एक विवाहिता ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव निवासी दिनेश की पत्नी पूनम (27) का शनिवार सुबह किसी बात को लेकर पति से विवाद हो गया। विवाद के बाद पूनम ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूनम की शादी वर्ष 2019 में दिनेश के साथ हुई थी। मृतका अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है। दिनेश ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीओ देवकीनंदन ने बताया, मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।